लगातार 7वें सप्ताह गिरावट पर बंद हए थे बाजार
कोरोना के कहर के चलते बीते सप्ताह भी दलाल स्ट्रीट पर कोहराम का माहौल रहा और बिकवाली के भारी दबाव में प्रमुख संवेदी सूचकांक सेंसेक्स और निफ्टी लगातार सातवें सप्ताह गिरावट के साथ बंद हुए। बंबई स्टॉक एक्सचेंज (बीएसई) के 30 शेयरों पर आधारित प्रमुख सूचकांक सेंसेक्स बीते शुक्रवार को 2,224.64 अंकों यानी 7.46 फीसदी की साप्ताहिक गिरावट के साथ 27,590.95 पर बंद हुआ, जबकि नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (एनएसई) के 50 शेयरों पर आधारित संवेदी सूचकांक निफ्टी 576.45 अंकों यानी 6.66 फीसदी की सप्ताहिक गिरावट के साथ 8,083.80 पर रूका। बीएसई मिडकैप सूचकांक पिछले सप्ताह के मुकाबले 318.81 अंकों यानी 3.03 फीसदी की गिरावट के साथ 10,219.05 पर जबकि स्मॉल-कैप सूचकांक 88.20 अंकों यानी 0.93 फीसदी की गिरावट के साथ 9,409.04 पर बंद हुआ।