नई दिल्ली। वैश्विक स्तर पर पीली धातु पर बने दबाव के कारण गुरुवार 09 अगस्त 2018 को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना पांच रुपए की मामूली गिरावट के साथ 30,560 रुपए प्रति दस ग्राम पर आ गया। वहीं, चांदी 55 रुपए चमककर 38,970 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई। अंतरराष्ट्रीय स्तर पर सोने पर दबाव रहा। सोना हाजिर 1.05 डॉलर टूटकर 1,212.35 डॉलर प्रति औंस रह गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा भी 1.40 डॉलर की गिरावट में 1,221 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों ने बताया कि दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के मजबूत होने से पीली धातु पर दबाव रहा। डॉलर के महंगा होने से अन्य मुद्राओं वाले देशों के लिए सोने का आयात महंगा हो जाता है। इससे इसकी मांग घटती है और कीमतों में गिरावट आती है। विदेशी बाजारों में चांदी हाजिर 0.01 डॉलर चढ़कर 15.40 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया।