
सोना खरीदना हुआ और महंगा, आज 10 ग्राम पर इतने रुपए बढ़ गए दाम
नई दिल्ली। विदेशों में दोनों कीमती धातुओं में आई तेजी से मंगलवार 28 अगस्त 2018 को दिल्ली सर्राफा बाजार में सोना 150 रुपए चमककर डेढ़ महीने से ज्यादा के उच्चतम स्तर 31,150 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सोने में लगातार चौथे कारोबारी दिवस तेजी देखी गई है। चांदी भी लगातार तीसरे दिन चमकती हुई 170 रुपए की बढ़त में दो सप्ताह के अधिकतम स्तर 38,470 रुपए प्रति किलोग्राम के भाव बिकी। अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोना हाजिर 7.60 डॉलर चढ़कर 1,213.25 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दिसंबर का अमरीकी सोना वायदा 3.20 डॉलर की बढ़त में 1,219.20 डॉलर प्रति औंस बोला गया। बाजार विश्लेषकों का कहना है कि शुरुआती कारोबार के दौरान दुनिया की अन्य प्रमुख मुद्राओं के बास्केट में डॉलर के मजबूत रहने से सोने पर दबाव था, लेकिन बाद में डॉलर में आई गिरावट से पीली धातु में चमक लौट आई। वैश्विक स्तर पर चांदी हाजिर भी 0.20 डॉलर की तेजी के साथ 14.97 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गई।
चांदी में 170 रुपए प्रतिकिलो की बढ़ोतरी
स्थानीय बाजार में सोना स्टैंडर्ड 150 रुपए चमककर 12 जुलाई के बाद के उच्चतम स्तर 31,150 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया। सोना बिटुर भी इतनी ही तेजी में 31,000 रुपए प्रति 10 ग्राम पर रहा। आठ ग्राम वाली गिन्नी भी 100 रुपए की मजबूती के साथ 24,600 रुपए के भाव बिकी। चांदी में भी तेजी रही। चांदी हाजिर 170 रुपए चढ़कर 38,470 रुपए प्रति किलोग्राम के स्तर पर रही जो 14 अगस्त के बाद का इसका उच्चतम स्तर है। चांदी वायदा भी 125 रुपए की बढ़त में 37,275 रुपए प्रति किलोग्राम बोली गई। चांदी के दाम बढ़ने से सिक्का लिवाली और बिकवाली भी एक-एक हजार रुपए चमककर क्रमश: 73 हजार और 74 हजार रुपए प्रति सैकड़ा पर रहे। कारोबारियों का कहना है कि विदेशी बाजारों में तेजी के साथ ही डॉलर की तुलना में रुपए में आई गिरावट से भी दोनों कीमती धातुओं के दाम बढ़े हैं।
दिल्ली सर्राफा बाजार में दोनों कीमती धातुओं के दाम (रुपए में)
- सोना स्टैंडर्ड प्रति 10 ग्राम : 31,150
- सोना बिटुर प्रति 10 ग्राम : 31,000
- चांदी हाजिर प्रति किलोग्राम: 38,470
- चांदी वायदा प्रति किलोग्राम : 37,275
- सिक्का लिवाली प्रति सैकड़ा : 73,000
- सिक्का बिकवाली प्रति सैकड़ा : 74,000
- गिन्नी प्रति आठ ग्राम : 24,600
Published on:
28 Aug 2018 04:24 pm
बड़ी खबरें
View AllShare Market News
कारोबार
ट्रेंडिंग
