नई दिल्ली। अमरीका की ओर से लगाए गए प्रतिबंधों के बाद खराब हुए आर्थिक हालातों से निपटने के लिए ईरान ने अब एशियाई देशों को खुश करने की योजना बनाई है। इस योजना के तहत ईरान एशियाई देशों को रिझाने के लिए तेल की सेल लगाने पर विचार कर रहा है। इस सेल के माध्यम से ईरान एशियाई देशों को अन्य तेल उत्पादक देशों के मुकाबले काफी सस्ता तेल देगा। ईरान की भारत और चीन जैसे देशों पर खास नजर है। संभावना जताई जा रही है कि ईरान भारत और चीन के लिए विशेष छूट की घोषणा भी कर सकता है। इससे भारत को सबसे सस्ता पेट्रोल-डीजल मिलना तय है। यदि एेसा होता है तो महंगे पेट्रोल-डीजल की मार से जूझ रहे देशवासियों को बड़ी राहत मिल सकती है। हालांकि, अभी तक ईरान की ओर से तेल की इस सेल को लेकर कोई आधिकारिक सूचना नहीं दी गई है। लेकिन ईरान की एक न्यूज एजेंसी ऑयल मिनिस्ट्री के हवाले से लिखा है कि ग्लोबल मार्केट में बने रहने के लिए ईरान एेसा करने जा रहा है।