
मथुरा. उत्तर प्रदेश में बदमाशों के हौसले बुलंद होते जा रहे हैं। ताजा मामला मथुरा के शहर कोतवाली क्षेत्र का है जहां भार्गव गली में देर रात दुकान बंद कर अपने घर जा रहे सर्राफा व्यापारी से लूट का प्रयास किया गया। सर्राफा व्यापारी पर दो हमलावरों द्वारा हमला किया गया, लेकिन सर्राफा व्यापारी ने किसी तरह से अपनी जान बचाई। इस दौरान व्यापारी का पुत्र हमले में घायल हो गया। घटना के बाद दोनों हमलावर मौके से भाग निकले, इनमें से एक बदमाश नीरज चतुर्वेदी को स्थानीय लोगों ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
कई दिनों से रेकी कर रहे थे बदमाश
पीड़ित सर्राफा व्यापारी धीरज अग्रवाल ने बताया कि यह लोग कई दिन से दुकान की रेकी कर रहे थे। उनके साथ गाली-गलौज भी की गई इसकी शिकायत वह पूर्व में पुलिस से कर चुके हैं, लेकिन पुलिस द्वारा कोई ठोस एक्शन नहीं लिया गया। इसके बाद आज इन लोगों ने लूट की घटना को अंजाम देने की कोशिश की। फिलहाल पुलिस ने हमलावर नीरज चतुर्वेदी को गिरफ्तार कर लिया है और सर्राफा की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
पुलिस की गिरफ्त में होगा फरार आरोपी
वहीं इस पूरे मामले पर शहर कोतवाली के प्रभारी का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही दूसरा आरोपी भी पुलिस की गिरफ्त में होगा। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस दबिश दे रही है।
BY: Nirmal Rajpoot
Published on:
9 Sep 2021, 6:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.