पं दीनदयाल के साथ अटलजी नगला चन्द्रभान में ठहरते थे। उनकी मौत से दीनदयालधाम शोक में है। यहां के पदाधिकारी डॉ. रोशनलाल, अशोक टैंटीवाल उनको देखने दिल्ली भी गए थे। अटल जी ने पंडितजी के साथ जनसंघ को मजबूती भी प्रदान की। यह उनकी उपलब्धि अभी भी इतिहासबद्ध है। स्मारक समिति के संग्रहालय की दरो-दीवारों पर लगे पं. दीनदयाल उपाध्याय के साथ उनके तमाम फोटो दीनदयाल नगरी के प्रति उनके अगाध प्रेम को आज भी बयां कर रहे हैं। यह उनका प्रेम ही था, जब वे देश के प्रधानमंत्री बने तो सबसे पहले वे यहां आए थे। स्मारक समिति के निदेशक राजेन्द्र कहते हैं कि अटलजी जैसे देश के नेता का अब अभ्युदय सम्भव नहीं है। उन्होंने दीनदयालधाम के लिए बहुत कुछ किया, जो आज तक किसी ने नहीं किया।