मथुरा। जन्माष्टमी इस बार किस दिन मनाई जाएगी, इसे लेकर लोगों में अभी भी उलझन है। यह उलझन 23 और 24 अगस्त को लेकर है। पंचाग को देखें तो अष्टमी तिथि 23 अगस्त को ही सुबह 8.09 बजे से शुरू हो रही है और यह 24 अगस्त को सुबह 8.32 बजे खत्म होगा। वहीं, रोहिणी नक्षत्र 24 अगस्त को सुबह 3.48 बजे से शुरू होगा और ये 25 अगस्त को सुबह 4.17 बजे उतरेगा। कुछ पंडितों के अनुसार रोहिणी नक्षत्र 23 अगस्त को रात 11.56 बजे से ही शुरू हो जाएगा। जानकारों का मत है कि भगवान कृष्ण का जन्म अष्टमी तिथि और रोहिणी नक्षत्र में हुआ था। इस लिहाज से यह दोनों संयोग 23 अगस्त को बन रहे हैं। ऐसे में 23 अगस्त को जन्माष्टमी मनाना शुभ होगा। हालांकि, कई जानकार 24 अगस्त को इस बार जन्माष्टमी मनाना शुभ मान रहे हैं। बिहारी जी मन्दिर में 23 को हैै। पंडित उमेष भारद्वाज ने बताया कि इस बार मथुरा में 23 और 24 अगस्त यानि दो दिन कान्हा का जन्मोत्सव मनाया जाएगा। ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में 23 को श्री कृष्ण जन्मोत्सव का आयोजन होगा। रात 12 बजे ठाकुरजी के श्री विग्रह का अभिषेक होगा। इसके बाद 1.45 पर बांकेबिहारी के पट खुलेंगे और रात 1.55 पर वर्ष में एक बार होने वाली ठाकुर बांके बिहारी की मंगला आरती होगी। नंदगांव में 23 को जन्मोत्सव और 24 को नंदोत्सव का आयोजन किया जाएगा।