
Minor girl alleges gangrape
मथुरा। जिस यूपी पुलिस के कंधे पर जनता की सुरक्षा का जिम्मा है, उसी के दरोगा और सिपाही पर एक नाबालिग लड़की ने गैंगरेप का आरोप लगाया है। मथुरा की रहने वाली पीड़ित लड़की का कहना है कि शहर के एक होटल में दरोगा व सिपाही ने उसके साथ गैंगरेप किया। पीड़ित का ये भी कहना है कि शिकायत के बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। जब यह मामला मीडिया में आया तो एसएसपी ने आरोपियों को लाइन हाजिर कर जांच बैठा गई है।
पीड़ित के मकान में किराये पर रहता था दरोगा
घटना मथुरा के थाना गोविन्द नगर इलाके के एक होटल की है। पीड़ित किशोरी के मुताबिक रविकांत नाम का दरोगा पिछले डेढ़ साल से उसके घर में किराये पर रहता था। उसने किशोरी को अपनी मीठी मीठी बातों में फंसा लिया। दरोगा ने किशोरी को एक मोबाइल फोन दिया। जिस पर वो उससे बातें करता था। पीड़ित किशोरी ने बताया कि दरोगा ने एक दिन उसको होटल पर बुलाया। जिस पर वो अपनी छोटी बहन के साथ वहां गई। जहां दरोगा रविकांत ने डायल 100 पर तैनात सिपाही प्रवीण कुमार को भी बुला लिया।
फ्रूटी में मिलाकर पिलाया नशीला पदार्थ
पीड़ित किशोरी के मुताबिक आरोपी दरोगा ने उसको फ्रूटी पीने को दी थी। जिसके बाद वो बेहोश हो गई। जब उसको होश आया तो उसकी छोटी बहन ने पूरा घटनाक्रम बताया। उसकी छोटी बहन ने बताया कि दरोगा ने उसे दूसरे कमरे में भेज दिया था और पीड़ित को उसी कमरे में रहने दिया, जहां दरोगा और सिपाही थे। दोनों पुलिसकर्मियों ने उसके साथ गैंगरेप किया। इतना ही नहीं इस बारे में किसी को बताने पर दोनों बहनों को धमकाया। पीड़ित ने घर पहुंच कर अपने परिजनों को पूरी बात बताई तो उनके होश उड़ गए।
आरोपी पुलिसकर्मी लाइन हाजिर
पीड़ित किशोरी का कहना है कि उसने इस घटना के बारे में थाना पुलिस को बताया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। जब यह मामला मीडिया में आया तो आनन-फानन में एसएसपी स्वप्निल ममगाई ने आरोपी पुलिसकर्मियों को लाइन हाजिर कर दिया। उन्होंने कहा कि इस मामले की जांच एसपी सुरक्षा को सौंपी गई है। जांच रिपोर्ट में अगर दोनों पुलिसकर्मी दोषी पाए जाते हैं तो उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
Published on:
26 Sep 2017, 4:38 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.