2 मई 2026,

शनिवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

गैंगरेप मामले में बड़ा खुलासा, कारोबारी ने फिल्मी स्टाइल में रची थी साजिश, युवती बनी मोहरा

यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती कार में गैंगरेप केस में आया नया मोड़, नोएडा के कारोबारी ने रची थी साजिश

2 min read
Google source verification

मथुरा

image

Mukesh Kumar

Apr 19, 2018

आरोपी गिरफ्तार

मथुरा। यमुना एक्सप्रेसवे पर चलती कार में युवती से गैंगरेप के मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। आरोपी सलमान से लेन-देन को लेकर नोएडा के ही एक कारोबारी ने साजिश के तहत युवती को अपना जरिया बनाया। इस मामले में अब पुलिस ने साजिशकर्ता को नोएडा से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस का कहना है कि युवती के साथ गैंगरेप हुआ या नहीं इसकी जांच कराई जा रही है।


यह है मामला
शनिवार देर शाम मथुरा कोतवाली क्षेत्र की कृष्णा नगर पुलिस चौकी क्षेत्र में एक युवती ने होंडा सिटी सवार दादरी निवासी दो युवक सलमान और साजिद पर गैंगरेप का आरोप लगाया था। इस मामले में पुलिस ने पीड़िता की तहरीर पर दोनों आरोपियों के खिलाफ गैंगरेप का मामला दर्ज कर दोनों को जेल भी भेज दिया था। लेकिन युवती द्वारा दर्ज कराई गई एफआईआर और मजिस्ट्रेट के समक्ष हुए 164 के बयान में युवती द्वारा अलग अलग पता बताए जाने पर पुलिस को संदेह हुआ। इस मामले में पुलिस ने युवती से पूछताछ की। बार-बार की गयी पूछताछ के बाद पुलिस के सामने सच्चाई सामने आयी। जिसके बाद पुलिस ने नोएडा के रहने वाले कारोबारी सुरेंद्र को पूछताछ के लिए उठा लिया।


कारोबारी ने रची थी साजिश
एसएसपी प्रभाकर चौधरी ने गुरुवार को मामले की जानकारी देते हुए बताया कि एफआईआर और बयान में युवती द्वारा बताए गए अलग-अलग पते से संदेह हुआ तो उससे पूछताछ की गयी। जिसमें पता चला कि नोएडा के दतावली निवासी सुरेंद्र गुर्जर ने उसे भाई की हत्या करने की धमकी देकर सलमान के साथ मथुरा जाने के लिए कहा था। एसएसपी ने बताया कि पूछताछ में पता चला है कि सुरेंद्र ने ही युवती की ग्रेटर नोएडा में नौकरी लगवायी थी। उसी के कहने पर युवती ने सलमान से दोस्ती की। उन्होंने बताया कि स्क्रेप के कारोबार को लेकर सुरेंद्र और सलमान का करीब 30 लाख रुपए के लेन-देन का मामला सामने आया है। सुरेंद्र ने कई बार अपने पैसे मांगे लेकिन सलमान ने उसके रुपए नहीं लौटाए। जिस पर सुरेंद्र ने उसे फंसाने के लिए यह साजिश रची।

दो युवकों पर लगा रेप का आरोप
साजिश के तहत सुरेंद्र ने युवती से कहा कि वो सलमान के साथ मथुरा जाए। उसके साथ अपने फोटो खींच कर उसे दे दे। जिससे वो उसे ब्लैकमेल कर अपने पैसे वापस ले सके। युवती को सलमान के साथ मथुरा जाने के लिए कहने के साथ ही साजिशकर्ता सुरेंद्र ने उससे यह भी कहा कि वो उनकी गाड़ी के पीछे-पीछे ही रहेगा और कुछ नहीं होने देगा। मथुरा पहुंचने पर युवती ने आरोपी सलमान और उसके दोस्त साजिद पर रेप का आरोप लगाते हुए मुकदमा दर्ज करा दिया।


साजिशकर्ता ने उगली सच्चाई
युवती से रेप की बात सामने आने के बाद सुरेंद्र खुद तो मथुरा नहीं आया लेकिन गांव से पीड़िता के परिजनों को मथुरा आने के लिए उसने ही किराये पर टैक्सी करायी थी। पुलिस ने नोएडा से सुरेंद्र को पकड़ कर पूछताछ के लिए मथुरा लेकर आयी। पहले तो उसने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की लेकिन कड़ाई करने पर सारी सच्चाई उगल दी और अपना जुर्म इकबाल कर लिया। उसने बताया कि वो युवती को करीब ढाई-तीन साल से जानता है और उसने ही उसकी नौकरी लगवाई थी।