ताजा मामला गोवर्धन के जतीपुरा में मुखारविंद मंदिर के निकट गिरिराज पर्वत के ऊपर बने श्रीनाथ जी मंदिर का है। यह मंदिर श्रीनाथ मंदिर ट्रस्ट के अधीन है और अब इस मंदिर की सेवा पूजा को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। दरअसल इस मंदिर पर 60 साल से एक ही परिवार की तीन पीढ़ियां पूजा सेवा करते चली आ रही हैं। पहले परमानंद कौशिक पूजा सेवा करते थे उनके देहांत के बाद मंदिर बोर्ड ने उनके बेटों, वासुदेव कौशिक और गोविंद कौशिक को सेवा का अधिकार सौंप दिया। वासुदेव और गोविंद के अनुसार पिता के बाद से उनका ही परिवार मंदिर की सेवा पूजा करता है और उनके द्वारा मंदिर बोर्ड में निर्धारित सालाना रकम 10 प्रतिशत की वृद्धि के साथ जमा कराते हैं लेकिन इस साल मंदिर बोर्ड ने वासुदेव और गोविंद से सेवा लेकर नया एग्रीमेंट जतीपुरा के ही नरहरि कौशिक के नाम कर दिया है। मंदिर बोर्ड के इस फैसले को लेकर जहां वासुदेव और गोविंद सकते में हैं वहीं मंदिर बोर्ड के इस निर्णय का विरोध भी कर रहे हैं। बताया गया है कि वासुदेव और गोविंद कौशिक द्वारा करीब 70 हज़ार रुपए मंदिर बोर्ड में जमा करते थे लेकिन जतीपुरा निवासी नरहरि ने 1 लाख 51 हज़ार रुपए का ऑफर किया तो इस बार सेवा पूजा का मंदिर का एग्रीमेंट नरहरि के नाम कर दिया गया है।