मथुरा में नगर निगम के अधिकारियों का एक और नया कारनामा सामने आया है। यहां नगर निगम के लोगो पर भगवान बांके बिहारी के साथ-साथ राम मंदिर, गोवर्धन पर्वत और यमुना को दर्शाया गया है। जिसपर संत समाज ने नगर निगम के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को चेतावनी देते हुए कहा है कि कूड़ा गाड़ियों पर से अगर फोटो नहीं हटाए गए उग्र आंदोलन के लिए हम लोग बाध्य होंगे। गौरतलब है कि मथुरा व वृंदावन नगर निगम के द्वारा लोगों को सुविधा मुहैया कराते हुए डोर टू डोर कूड़ा कलेक्शन के लिए गाड़ियों को लगाया गया था। इन गाड़ियों पर भगवान बांके बिहारी के फोटो के साथ.साथ राम मंदिर, गोवर्धन पर्वत और यमुना के चित्र को भी दर्शाया गया है। ऐसा एक या दो, नहीं बल्कि सैकड़ों गाड़ियों पर है। उधर, कूड़ा उठाने वाली गाड़ियों पर लगी आराध्य की फोटो वायरल होने से वृंदावन के संतों में आक्रोश है।