
Panchayat on murder
मथुरा। जिले में पंचायत ने हत्या के मामले में ऐसा फरमान सुनाया है जो इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है। ग्रामीणों ने पंचायत कर हत्या आरोपियों का सामाजिक बहिष्कार करने का निर्णय लिया है। बता दें कि मथुरा के रहने वाले युवक की दिल्ली में हत्या कर दी गई थी। इस मामले में दिल्ली पुलिस ने गांधी नगर थाने में मुकदमा दर्ज कर आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
दिल्ली में हुई थी हत्या
कुछ दिन पूर्व दिल्ली के थाना गांधी नगर इलाके के कैलाश नगर कॉलोनी में बने प्राचीन शिव मंदिर में मिला था। जिसकी शिनाख्त मथुरा के थाना गोवर्धन इलाके के गांव मुखराई निवासी चंद्रशेखर के रूप में हुई। दिल्ली पुलिस ने 29 सितंबर को इस मामले में लखन नाम के युवक और उसकी पत्नी कमलेश को गाजियाबाद से गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद दोनों को जेल भेज दिया।
पंचायत ने किया सामाजिक बहिष्कार
इधर, चंद्रशेखर की हत्या मुखराई गांव के ही लखन और उसकी पत्नी ने की थी। इसी के चलते गांव में शनिवार को पंचायत बुलाई गई। इसमें पंचों ने हत्यारोपियों का सामाजिक बहिष्कार करने का फैसला लिया है। पंचायत ने फरमान सुनाया है कि गांव का कोई भी आदमी हत्यारोपी लखन के परिवार की किसी भी तरह की मदद नहीं करेगा। सभी गांव वालों ने पंचायत के फैसले पर सहमति दी। आरोपियों पर पंचायत ने घर खरीदने और बेचने पर ही पाबंदी लगा दी है।
पुलिस से शिकायत नहीं की
मृतक ने भाई मुकेश ने बताया कि चंद्रशेखर की निर्मम तरीके से हत्या की गई थी। मुझे गांव की पंचायत पर भरोसा था। पंचायत ने आरोपियों का सामाजिक बहिष्कार किया है। इस मामले पर थाना गोवर्धन प्रभारी ने कहा कि ये मामला दिल्ली का है। दिल्ली पुलिस ही कार्रवाई करेगी। मृतक के परिवार का कोई सदस्य मथुरा पुलिस के पास नहीं आया है। ना ही कोई शिकायत दर्ज कराई गई है।
Published on:
1 Oct 2017, 6:15 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.