जानकारी के अनुसार ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र के फूलमंडी निवासी 65 साल के देवेन्द्र ने मेडिकल में इलाज के दौरान गुरुवार सुबह पांच बजे दम तोड़ दिया। उन्हें 11 मई को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था, जहां उनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजीटिव आई थी। इसके बाद से ही यहां उनका इलाज चल रहा था। देर रात हालात बिगडऩे पर उन्हें वेंटिलेटर पर रखा गया था, जहां पांच बजे उनका निधन हो गया। उनके बेटे ने आरोप लगाया कि उनके पिता के इलाज में शुरू से ही हर स्तर पर लापरवाही बरती गई। बीती 9 मई को उनकी हालत खराब होनी शुरू हुई थी, जिसकी सूचना उन्होंने तत्काल स्वास्थ्य विभाग को दी थी। दिनभर मिन्नतें करने के बाद शाम को उन्हें चेकअप के लिए मेडिकल कॉलेज बुलवाया गया, जहां से शाम को फिर घर भेज दिया गया। जबकि उनके पिता की तबियत लगातार बिगड़ती रही। उनकी रिपोर्ट आने में दो दिन लग गए जिसकी पुष्टि होने पर उन्हें 11 मई को मेडिकल में भर्ती कराया गया।