
मेरठ। जनपद के खरखौदा क्षेत्र में दो जमातियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आने से मरीजों की संख्या अब बढ़कर 60 हो गई है। मेरठ में कोरोना संक्रमण की संख्या में हर दिन इजाफा होता जा रहा है। बता दें कि गत सोमवार को मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी विभाग की रिपोर्ट में तीन नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि की गई। जिसमें दो मकबरा डिग्गी के रहने वाले थे और एक झारखंड का जमाती। पिछले 24 घंटे में मेरठ जनपद में कुल पांच कोरोना पॉजिटिव मरीजों की पुष्टि हुई है।
मेरठ में मरीजों की संख्या 60 हो गई है। जिले में अब तक 19 कोरोना हॉटस्पॉट चिह्नित किए जा चुके हैं। मंगलवार को जिले के खरखौदा कस्बा निवासी दो और जमातियों की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। सीएमओ डा. राजकुमार ने बताया कि दोनों की रिपोर्ट नोएडा लैब से आई है। इससे पहले सोमवार को मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी विभाग की रिपोर्ट में तीन नए मरीजों में संक्रमण की पुष्टि की गई थी। इसमें दो मेरठ के पूर्वा फैयाज अली यानी मकबरा डिग्गी में संक्रमित मिले हैं, जबकि एक झारखंड का जमाती है।
सीएमओ ने बताया कि महाराष्ट्र के अमरावती से आए मेरठ के पहले मरीज से अब तक 22 लोग संक्रमित हो चुके हैं। विभागीय रिपोर्ट के मुताबिक जिले में संक्रमण की 11 चेनों को तलाश लिया गया है। दो चेन में सिर्फ एक-एक मरीज मिले थे, जबकि सरधना, मवाना, परीक्षितगढ़, जली कोठी से आठ कडिय़ों का पता चला। सबसे बड़ी चेन पहले मरीज से चली थी। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. विश्वास चौधरी ने बताया कि संक्रमित क्षेत्रों को सील कर दिया गया है। वहीं जो लोग आज कोरोना पॉजिटिव आए हैं अब उनकी चेन को भी तलाशा जाएगा।
Published on:
14 Apr 2020 03:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
