सीएमओ डा. राजकुमार के अनुसार शकूरनगर निवासी 38 वर्षीय मरीज को 16 मई को मेडिकल कॉलेज के कोरोना वार्ड में भर्ती कराया गया था। वह हाइपरटेंशन और शुगर का भी मरीज था। मंगलवार रात पौने ग्यारह बजे मौत हो गई। नए संक्रमितों में केसरगंज के 37 वर्षीय ठेकेदार, पूर्व में संक्रमित पाए गए गोली लगे युवक के परिवार की 24 साल की युवती है। नागपुर से लौटा जाकिर कॉलोनी का 18 वर्षीय युवक है। खरखौदा का 28 वर्षीय युवक भी संक्रमित है, वह रायगढ़ से आया था। सीएमओ ने बताया कि मंगलवार को 304 सैंपल की जांच हुई। दो की पुष्टि निजी लैब से हुई, जबकि तीन की मेडिकल कॉलेज की माइक्रोबायोलॉजी लैब से हुई है। टीपीनगर क्षेत्र के विद्या लोक के 41 वर्षीय फिजिशियन की रिपोर्ट भी पॉजिटिव आयी है। मेरठ में अब तक चार चिकित्सक पॉजिटिव आ चुके हैं। एक की मौत भी हो चुकी है।