खेड़ा गांव में मनबीर और रतन पक्ष का एलएमसी की जमीन में लगे पीपल का पेड़ काटने को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार शाम को मनवीर पक्ष पीपल का पेड़ कटवाने लगा। इस पर रतन के पुत्र नीरज ने विरोध किया। मनवीर के पुत्र भी आए गए और फायरिंग शुरू कर दी। इससे गांव में अफरातफरी मच गई। थाने पहुंची घायल सविता, आरती और दयावती ने बताया कि मनवीर के तीन पुत्र गुलाब, देंवेद्र उर्फ बच्चा और हरिओम फौज में हैं। तीनों ही छुट्टी आए हुए हैं। पेड़ काटने का विरोध करने पर तीनों आरोपितों ने करीब 50-60 राउंड फायर किए। इससे उनके पैर में छर्रे लगे हैं। फायरिंग की आवाज से गांव में अफरातफरी मच गई। सूचना पर पुलिस पहुंची। पुलिस को देखकर मनवीर के तीनों पुत्र फरार हो गए, जबकि पुलिस एक पक्ष के मनवीर और दूसरे पक्ष से रतन के पुत्र नीरज, विनय, सोनू को थाने ले आई और हवालात में डाल दिया। तीनों घायल महिलाएं घंटों थाने में बैठी तड़पती रहीं, मगर पुलिस ने घंटों बाद उन्हें सीएचसी भिजवाया।