पुलिस के अनुसार पूर्व एमएलसी और भाजपा नेता हरपाल सैनी के भाई राम सिंह सैनी एल. ब्लाॅक शास्त्रीनगर में रहते हैं। राम सिंह सैनी का पोता कुनाल एक स्कूल में कक्षा आठ का छात्र है। कुनाल शाम के समय आवास विकास चैराहे पर चाउमीन खाने गया था। वहां से लौटते हुए आरटीओ रोड पर तीन बाइक सवार बदमाशों ने उसे ओवरटेक करके रोक लिया। बदमाशों ने उस पर आरोप लगाया कि वह उनकी बहन के साथ छेड़छाड़ करता है। उसकी आमने-सामने बहन से बात करवानी है। इसके बाद बदमाशों ने उसे बाइक पर बिठा लिया और उसकी स्कूटी भी अपने कब्जे में कर ली। बदमाश उसे पीवीएस मॅाल, पुलिस ट्रेनिंग सेंटर से होते हुए लोहिया नगर और इसके बाद काली नदी पहुंचे और वहां रोड पर कुनाल को छोड़ दिया। इसके बाद बदमाश उसे जान से मारने की धमकी देते हुए उसकी स्कूटी लेकर फरार हो गए।