मेरठ. रक्षाबंधन पर हर बहन अपने भाई की कलाई पर राखी बांधकर सुरक्षा का वचन लेती हैं। इसी वचन को निभाना मेरठ में एक भाई को महंगा पड़ गया। दरअसल, मेरठ के लिसाड़ीगेट क्षेत्र में कई माह से एक युवती को फोन पर परेशान कर रहे मनचले की हरकतों का युवती के चचेरे भाई ने विरोध किया तो आरोपी ने युवक को पेंचकस घोंपकर अधमरा कर दिया। लेकिन पुलिस छेड़-छाड़ को लेकर अब भी गंभीर नहीं है। हालात ये है कि थाना पुलिस ने लापरवाही की सारी हदें पार करते हुए इस घटना को मामूली मारपीट से जुड़ा बता दिया। उज्जवल गार्डन निवासी युवती के अनुसार उसके पड़ोस में रहने वाला शाकिब उर्फ मानू पुत्र हक्कम पिछले आठ माह से उसके मोबाइल पर काॅल करके उसे परेशान करता था। आरोप है कि शाकिब उस पर अपने साथ दोस्ती करने का दबाव बनाता था। इतना ही नहीं, किसी को कुछ बताने पर युवती के परिवार के खात्मे की धमकी देता था। गुरुवार की रात 12 बजे साकिब ने युवती को काॅल करके घर से बाहर मिलने के लिए बुलाया।