
मेरठ. सहारनपुर शब्बीरपुर हिंसा के आरोपी एवं भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण को मंगलवार देर रात सहारनपुर जेल से गंभीर हालत में मेरठ के मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया है। जहां चंद्रशेखर को ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है। फिलहाल उसकी सुरक्षा में करीब तीस पुलिसकर्मी लगाए गए हैं। बता दें कि चंद्रशेखर को ऐसे समय में सहारनपुर से दूर किया गया है, जब वहां भीम आर्मी ने नौ नवंबर यानि शुक्रवार को महापंचायत का ऐलान कर रखा है।
मेरठ मेडिकल कॉलेज के चिकित्सकों की मानें तो गत कई दिनों से चंद्रशेखर की तबीयत खराब है, जिसका इलाज सहारनपुर मेडिकल कॉलेज में चल रहा था। बुखार एवं पेट की बीमारी से जूझ रहे रावण की मंगलवार को सांस फूलने लगी, जिसकी वजह से उसे मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। डॉक्टरों ने फिलहाल ड्रिप लगाते हुए प्राथमिक उपचार शुरू कर दिया है। उनके अनुसार चंद्रशेखर की आंतों में इंफेक्शन है। स्थिति गंभीर है और फिलहाल अभी उसका सीटी स्कैन, चेस्ट स्कैन करवाया जा रहा है।
एम्स के लिए रेफर करने की मांग
दरअसल रात करीब नौ बजे चंद्रशेखर को मेडिकल के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया। जहां जेएनयू छात्र नेता प्रदीप नेहवाल, डेमोक्रेटिक स्टूडेंट्स फ्रंट के अध्यक्ष और दलित चिंतक छात्र नेता मेरठ मेडिकल में पहुंच गए। इस दौरान प्रदीप नेहवाल ने चंद्रशेखर की बिगड़ती हालत का हवाला देते हुए उसे एम्स दिल्ली के लिए रेफर करने की मांग की। बताया जा रहा है कि चंद्रशेखर ने डॉक्टर को बुखार, पेट में दर्द, नसों में खिंचाव की दिक्कत बताई है।
नहीं मिली महापंचायत की अनुमति
वहीं दूसरी ओर भीम आर्मी के लोगों का 9 नवंबर को होने वाली महापंचायत पर कहना है कि निकाय चुनावों की वजह से धारा 144 लगी हुई है। इसलिए जिला प्रशासन को पंचायत की अनुमति के लिए पत्र लिखा गया है, लेकिन अभी अनुमति नहीं मिली है। इसलिए उस दिन जो लोग भी वहां पहुंचेंगे वो लोग शांतिपूर्ण तरीके से जिलाधिकारी को अपना ज्ञापन देंगे।
चंद्रशेखर से मिलने पर पाबंदी
बता दें कि चंद्रशेखर को सहारनपुर से इंस्पेक्टर सहित करीब दस पुलिसकर्मी वाहन में बैठाकर मेरठ मेडिकल लाए थे। इसके बाद मेडिकल थाने की फोर्स को भी ट्रॉमा सेंटर में लगा दिया गया है। वहीं मीडिया सहित किसी भी बाहरी के चंद्रशेखर से मिलने पर पाबंदी लगा दी गई है।
Published on:
08 Nov 2017 01:08 pm
बड़ी खबरें
View Allमेरठ
उत्तर प्रदेश
ट्रेंडिंग
