मेरठ। शहर में बुधवार को दो और कोरोना संक्रमित मरीजों की पुष्टि हुई है। कोरोना पॉजिटिव भाजपा महानगर कार्यकारिणी सदस्य व उनका भाई हैं। मंगलवार की शाम उनके पिता को कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आयी थी। इसके बाद स्वास्थ्य विभाग ने महानगर कार्यकारिणी सदस्य समेत परिवार के अन्य सदस्यों के सैंपल जांच के लिए भेजे थे, जिसमें दोनों भाइयों को कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। महानगर कार्यकारिणी सदस्य न केवल महानगर अध्यक्ष मुकेश सिंघल के साथ रहते हैं, बल्कि उनकी गाड़ी भी ड्राइव करते हैं। संक्रमित सदस्य ने महानगर अध्यक्ष के साथ कई कार्यक्रमों में हिस्सा लिया था। संक्रमित होने केे बाद से पार्टी नेताओं में हड़कंप की स्थिति है। इसी के साथ अब मेरठ जनपद में कोरोना पॉजिटिव मरीजों की संख्या बढ़कर 84 हो गई है।