
सांप्रदायिक बवाल और खूनी संघर्ष के बाद मौके पर पहुंचे भाजपा के फायरब्रांड विधायक संगीत सोम ने दी ये चेतावनी
मेरठ. मेरठ के थाना इंचौली के बिसौला गांव में हुए खूनी संघर्ष के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है। बता दें कि बिसौला में गाड़ी टकराने को लेकर जाट-मुस्लिमों में टकराव होने के बाद 70 राउंड गोली चली थी, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां पर दो की हालत गंभीर है। वहीं सोमवार को गांव में पीएसी तैनात कर दी गई। दोपहर बाद गांव में भाजपा विधायक संगीत सोम गांव पहुंचे और दोनों पक्षों से मिलकर बात की। इस दौरान विधायक संगीत सोम ने कड़ी नाराजगी जाहिर करते हुए आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग की, जिसके बाद ही 18 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज हुआ है। एसपी देहात राजेश कुमार ने विधायक को कार्रवाई का आश्वासन दिया।
बता दें कि रविवार की देर रात थाना इंचौली के बिसौला गांव में हरिओम नामक जाट युवक की गांव के ही फुरकान व बाबर से गाड़ी टकराव को लेकर कहासुनी हो गई थी, जिसके बाद दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए थे और उसके बाद पथराव और गोलियां चलनी शुरू हो गई थीं। इस घटना से गांव में हड़कंप मच गया था। हरिओम का आरोप है कि उसने मामले को हल्के में लिया, लेकिन फुरकान ने अपने साथियों के साथ उसके घर पर हमला बोल दिया था। उसने कहा कि अगर गांव के लोग उसके साथ नहीं आते तो फुरकान के लोग उसके घर में आग लगाने जा रहे थे। जिससे बड़ी अनहोनी हो जाती। इसके बाद पथराव और गोलियां चली थीं। दोनों पक्षों के घायल पुनीत, शक्ति, राजीव, शिवाजी ,एजाद, इसाक की हालत गंभीर है। वहीं गांव में पीएसी तैनात है।
सोमवार को दोपहर बाद भाजपा विधायक संगीत सोम अपने समर्थकों के साथ पीड़ित हरिओम के आवास पहुंचे और घटनाक्रम की जानकारी ली। इसके बाद पुलिस अधिकारियों से बातचीत की और हमलावरों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। इस दौरान एसपी देहात राजेश कुमार को भी मौके पर ही बुला लिया। विधायक ने इस मामले में अभी तक मुकदमा दर्ज न होने आरोपियों की गिरफ्तारी ना होने पर नाराजगी भी जताई, जिसके बाद इस मामले में मुकदमा दर्ज हुआ। हरिओम के पिता ओमकार सिंह की तहरीर पर 18 लोगों को नामजद करते हुए दो दर्जन से भी अधिक अज्ञात लोगों के खिलाफ तहरीर दी। इंस्पेक्टर इंचौली प्रेमचंद शर्मा के अनुसार मामले में तहरीर आई है।
विधायक बोले बर्दाश्त नहीं करेंगे ऐसे लोगों को
भाजपा विधायक संगीत सोम ने कहा कि ऐसे लोग बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे, जो लोग गांव और देहात में माहौल खराब कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मेरठ में भी मुजफ्फरनगर जैसे दंगे की पुनरावृत्ति चाह रहे हैं, लेकिन उन लोगों को समझ लेना चाहिए कि प्रदेश में भाजपा की सरकार है। ऐसे लोगों को बुरा अंजाम होगा।
Updated on:
6 Nov 2018, 10:18 AM IST
Published on:
6 Nov 2018, 10:18 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.