
पत्रिका न्यूज नेटवर्क
मेरठ. प्रेम प्रसंग के चलते एक युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। बताया जा रहा है कि युवक गांव की ही एक युवती से प्रेम करता था, लेकिन युवती और युवक के परिजन दोनों की शादी के लिए राजी नहीं थे। युवती की शादी दूसरी जगह तय हो गई थी। युवक ने जब इसका विरोध किया तो युवती ने अपने परिजनों के खिलाफ जाने से मना कर दिया और युवक से संबंध तोड़ने की बात कही। मंगलवार को युवती की शादी होने वाली थी और उसके बारात की स्वागत की तैयारियां की जा रही थी। इसी बीच युवक ने फांसी के फंदे से लटककर जान दे दी। परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना शव का अंतिम संस्कार कर दिया।
दरअसल, दिल्ली निवासी एक युवती क्षेत्र के एक गांव में अपने ननिहाल में रहने आई थी। इसी दौरान एक युवक के साथ उसके प्रेम संबंध हो गए। दोनों के अलग-अलग समुदाय के होने के कारण युवक और युवती के परिजन शादी के लिए तैयार नहीं हुए। युवक ने युवती से परिवार वालों की मर्जी के खिलाफ जाकर शादी करने के लिए कहा, लेकिन युवती ने इनकार कर दिया। इसी बीच युवती के परिजनों ने 16 फरवरी को उसकी शादी तय कर दी।
बताया जा रहा मंगलवार को युवती की शादी की तैयारी चल रही थी। लोग बारात के स्वागत की तैयारी में व्यस्त थे। वहीं, युवक के परिजन लगातार उसकी निगरानी में लगे थे। सुबह युवक शौच के बहाने मकान के दूसरे हिस्से में गया। वहां भूसे के कमरे में पंखे के कुंडे से फांसी लगा ली। घर में युवक नहीं दिखाई दिया तो परिजनों ने खोजबीन शुरू कर दी। गंभीर हालत में परिजन युवक को डॉक्टर के पास लेकर पहुंचे। चिकित्सक ने युवक को मृत घोषित कर दिया। सीओ किठौर बृजेश कुमार का कहना है कि पुलिस को मामले की जानकारी नहीं है। मामले का पता लगाकर जांच कराई जाएगी।
Published on:
16 Feb 2021, 3:17 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.