
बसपा नेता पर दिनदहाड़े ताबड़तोड़ फायरिंग कर उतारा मौत के घाट
मेरठ. हस्तिनापुर से विधायक रहे योगेश वर्मा के करीबी जिला पंचायत सदस्य की दिल्ली में गोली बरसाकर हत्या करने का मामला सामने आया है। हत्यारोपी बसपा जिला पंचायत सदस्य पर गोलियां बरसाकर आराम से फरार हो गए। हत्या के कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। वैसे हत्या के पीछे प्रापर्टी विवाद या फिर रुपये के लेनदेन का मामला सामने आ रहा है। यहां बता दें कि घटना दिल्ली के बाटला हाउस इलाके में हुई। जहां पर जिला पंचायत सदस्य और प्रापॅर्टी डीलर दिलशाद खान की गोली मार कर हत्या कर दी गई। संबंधित थाना जामिया नगर की पुलिस ने गोली से छलनी दिलशाद के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि दिलशाद को आरोपियों ने हत्या करने से पहले फोन कर घटनास्थल पर मिलने के लिए बुलाया था।
परिजनों के अनुसार, दिलशाद अपने परिवार के साथ जोगा बाई एक्सटेंशन जामिया नगर इलाके में रहता था। उनके परिवार में तीन बच्चे, पत्नी और मां हैं। जबकि पिता की मौत हो चुकी है। दिलशाद का परिवार मूलरूप से मवाना के सठला गांव का रहने वाला है। बता दें कि दिलशाद 2016 में मेरठ के वार्ड-34 सठला से जिला पंचायत सदस्य का चुनाव जीता था। वह बसपा के पूर्व विधायक योगेश वर्मा का दाया हाथ था। योगेश वर्मा इस समय मेरठ जेल में बंद हैं और अपना पथरी का इलाज कराने के लिए मेरठ के मेडिकल में भती हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सोमवार शाम को दिलशाद अपने कार्यालय से घर पहुंचा था। उसके कुछ देर बाद ही उसके फोन पर किसी का फोन आया और फोन करने वाले ने उसे बाटला हाउस इलाके में बुलाया। दिलशाद पत्नी से थोड़ी देर में आने की बात कहकर घर से गए थे। दिलशाद के वहां पहुंचते ही उन पर दो युवकों ने ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। आरोपियों ने दिलशाद पर छह राउंड फायरिंग की। हत्या कर आरोपी पैदल ही गलियों में फरार हो गए। दोनों आरोपियों ने हेलमेट पहने हुए थे। दिल्ली पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं परिजन भी दिल्ली पहुंच चुके हैं और गांव में रिश्तेदारों और दिलशाद के समर्थकों की भीड़ जुटी हुई है।
Published on:
4 Sep 2018, 12:14 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.