केपी त्रिपाठी, मेरठ। कोरोना वायरस के संक्रमण के कारण हुए लॉकडाउन ने सर्राफा कारोबारियों की नींद उड़ाकर रख दी है। 22 मार्च से शुरू हुए लॉकडाउन के बाद से विवाह सीजन और अक्षय तृतीया के कारण उन्हें करोड़ों का नुकसान उठाना पड़ रहा है। होली के बाद सर्राफा कारोबारियों के लिए ऐसा सीजन होता है, जब वे अपने पूरे साल का खर्च निकाल सकते हैं, लेकिन इस बार कोरोना ने स्थिति बिगाड़कर रख दी है। इस बार जून तक विवाह सीजन है और अक्षय तृतीया 26 अप्रैल की है। यही मौके हैं जब स्वर्ण आभूषणों की सबसे ज्यादा मांग रहती है। लॉकडाउन के कारण दोनों सराफा बाजारों में सन्नाटा पसरा है। स्वर्ण कारोबारियों का कहना है कि करीब 500 करोड़ रुपये के नुकसान का अनुमान है।