इधर, भारत बंद के आह्वान को देखते हुए योगी आदित्यनाथ सरकार हर जिले में सतर्कता बरत रही है, लेकिन इसके बावजूद भी पश्चिमी उत्तर प्रदेश के मेरठ और सहारनपुर में दलित संगठन से जुड़े लोग सड़क पर उतर आए हैं। एससी-एसटी एक्ट पर फैसले का मेरठ में दलित संगठनों ने काफी विरोध किया है। जगह-जगह इसको लेकर प्रदर्शन हो रहे हैं। इस बंद के दौरान सबसे बड़ी खबर मेरठ से आ रही है जहां रोहटा थाना क्षेत्र के जटौली फाटक पर प्रदर्शनकारियों ने एक पुलिस चौकी और एक बस को आग के हवाले कर दिया है। साथ ही कई बसों में तोड़फोड़ भी की गई है। बताया जा रहा है कि यहां एक व्यक्ति की भी मौत हो गई है। उक्त व्यक्ति मीडिया संस्थान का बताया जा रहा है। हालांकि अभी इसकी पुष्टि नहीं की जा सकी है। दरअसल, यहां दलित मीडिया को देख आक्रोशित हो गए और उन्होंने प्रदर्शन की कवरेज करने पहुंच सभी पत्रकारों को दौड़ा दिया।