मेरठ। कोरोना वायरस से हुए लॉकडाउन में हर क्षेत्र में नुकसान हुआ है। अब 26 अप्रैल को अक्षय तृतीया पर शादियां नहीं होने से सूनापन रहेगा। इस बार न तो मंडपों के भीतर सजावट होगी और न ही मंडपों के बाहर बैडबाजों की धुन पर बारातियों के नाचने का माहौल। सब कुछ कोरोना की भेंट चढ़ गया है। शादियों की तैयारियां कई महीने पहले चली आ रही थी, लेकिन 22 मार्च को लॉकडाउन के बाद से जब जगह सन्नाटा पसर गया है। जनपद में करीब 1500 शादियां अक्षय तृतीया पर होनी थी। मेरठ जनपद रजिस्टर्ड मंडपों में 550 शादियां कैंसिल हो गई हैं। साथ ही छोटे मंडप, स्कूलों, धर्मशाला समेत अन्य शादियां भी तय तारीख पर नहीं हो पा रही हैं। आज हालात यह हैं कि बैंडबाजे और हलवाई का काम करने वाले घर बैठे हैं। अक्षय तृतीया पर सबकुछ धरा रह गया।