
मेरठ। मवाना रोड की पॉश कालोनी में चार मंजिला इमारत की लिफ्ट (Lift) खराब होने से महिला समेत चार लोग उसमें फंस (Stuck In Lift) गए। तीन घंटे के दौरान इमारत में अफरातफरी का माहौल रहा। कड़ी मशक्कत के बाद फंसे लोगों को सुरक्षित निकाल लिया गया। जरा भी देर होती तो बड़ा हादसा हो सकता था। लिफ्ट में फंसे लोगों के मोबाइल (Mobile) भी नहीं मिल रहे थे। टेक्नीशियन लेकर पहुंची पुलिस (Police) ने लिफ्ट का गेट कटवाया और चारों को सुरक्षित निकाला।
गंगानगर डी ब्लॉक निवासी रविन्द्र प्रजापति प्रॉपर्टी डीलर हैं। रविन्द्र मवाना निवासी दंपति को पंचवटी कॉलोनी के आशीर्वाद अपार्टमेंट में थर्ड फ्लोर पर फ्लैट दिखाने आए थे। उनके साथ अपार्टमेंट का चौकीदार श्यामलाल भी मौजूद था। जैसे ही चारों लोग लिफ्ट से ऊपर जाने लगे अचानक लिफ्ट बीच में बंद हो गई। लिफ्ट के अंदर अंधेरा छा गया। चारों लोगों में चीख-पुकार मच गई। महिला एवं चौकीदार घबराहट में बेहोश होकर गिर पड़े।
प्रॉपर्टी डीलर व महिला के पति ने किसी तरह स्थिति को संभालते हुए अपने मोबाइल से परिचितों को फोन मिलाने शुरू किए, लेकिन लिफ्ट के अंदर नेटवर्क नहीं आने की वजह से किसी का फोन नहीं लग पाया। इस पर उन्होंने लिफ्ट का गेट जोर-जोर से बजाना शुरू कर दिया। कुछ समय बाद रविन्द्र के मोबाइल में नेटवर्क आ गया तो उन्होंने अपने पड़ोसी विशाल कुमार को फोन कर लिफ्ट में फंसे होने की सूचना दी।
पता चला कि लिफ्ट के अंदर मौजूद चारों लोग सेकेंड फ्लोर पर फंसे हुए हैं। सूचना मिलने के बाद गंगानगर इंस्पेक्टर ब्रजेश कुमार शर्मा पुलिस फोर्स के साथ अपार्टमेंट पहुंचे। पुलिस ने वेल्डिंग करने वाले युवकों को बुलाकर लिफ्ट का गेट कटवाकर चारों लोगों को सकुशल बाहर निकाला।
Published on:
12 Jan 2020 01:05 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
