गोल्डन बाबा ने बताया कि वे पिछले 25 साल से कांवड़ ला रहे हैं। भोले की कृपा से हर बार उनके शरीर पर सोने का वजन बढ जाता है। इस बार कांवड़ यात्रा की सिल्वर जुबली मना रहे हैं। 25वीं कांवड़ यात्रा में भाग ले रहे गोल्डन बाबा पिछली बार 14.5 किलो की सोने के आभूषण में दिखे तो इस बार कहा जा रहा है कि वो 20 किलो का सोना पहनकर कांवड़ यात्रा में भाग ले रहे हैं। बता दें कि 20 किलो सोने की बाजार में कीमत लगभग छह करोड़ रुपये है। गोल्डन बाबा का असली नाम सुधीर मक्कर है। गोल्डन बाबा गोल्डन पुरी महाराज के नाम से भी प्रसिद्ध हैं। सोने के अलावा बाबा रोलेक्स की घड़ी पहनते हैं जिसकी कीमत 25 लाख रुपये है। बाबा के पास एक बीएमडब्लू, दो ऑडी और दो इनोवा कार भी हैं। कांवड यात्रा के दौरान हरिद्वार जाने के लिए वो लैंड रोवर, जगुआर गाड़ियों का इस्तेमाल करते हैं। गोल्डन बाबा कहते हैं कि मैं जहां जाता हूं लोग वहां मुझे देखने के लिए जुट जाते हैं।