मंगलवार की सुबह सरधना क्षेत्र में पुलिस और गोतस्करों के बीच हुई मुठभेड़ अब पुलिस के गले की फांस बनती जा रही है। मुठभेड़ में मारे गए इरशाद के परिजन दोपहर को उसका शव लेने पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो उन्होंने हंगामा खड़ा कर दिया। उन्होंने पुलिस पर इरशाद को घर से उठाकर फर्जी मुठभेड़ में मार गिराने का आरोप लगाया। परिजनों ने इसमें कानूनी कार्रवाई की बात कही है। बताते चलें कि मंगलवार की सुबह ही सरधना के जसड़ गांव के पास पुलिस और तथाकथित गो तस्करों के बीच हुई मुठभेड़ में इरशाद की मौत हो गई थी। जिसके बाद उसके परिवार के लोग पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे तो उन्होंने हंगामा कर कर दिया। उनका कहना है कि इरशाद के खिलाफ किसी थाने में कोई मामला दर्ज नहीं है। साथ ही उनका कहना है कि सोमवार रात दस बजे तक इरशाद घर में ही था, लेकिन रात को उसे पुलिस कब उठा कर ले गई, इसका उन्हें पता ही नहीं चला।