एसपी क्राइम सतपाल अंतिल ने बताया कि सिविल लाइन थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच सिविल लाइन थाना क्षेत्र में चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान शर्मा नगर रोड विक्टोरिया पार्क से दो अभियुक्तों को गिरफ्तार किया गया। उनसे तलाशी ली गई तो उनके पास दो कैमरे, आठ मोबाइल बरामद हुए। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम दिलशाद पुत्र कमरुद्दीन निवासी कोसोवला जनपद मथुरा और दूसरे ने नदीम पुत्र अल्लाह मेहर निवासी साठ फुटा रोड लिसाड़ीगेट बताया। दिलशाद ने बताया कि उसने दोनों कैमरे दिल्ली के आईएसबीटी अड्डे के बाहर से विदेशी पर्यटकों से लूटे थे। यह लूट करने के बाद वह मेरठ में आए और यहां पर भी लूट शुरू कर दी। वे लोग विदेशी पर्यटकों को अधिक निशाना बनाते थे। विदेशी पर्यटकों से लूट के लिए गैंग के सदस्य दिल्ली, गाजियाबाद के अलावा मथुरा और आगरा भी जाते थे।