
मेरठ. एक युवती की जिंदगी जुड़ा एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। थाना भावनपुर क्षेत्र की रहने वाली पेशे से नर्स एक युवती ने अपने प्रेमी पर शारीरिक संबंध बनाने के बाद धोखा देने का आरोप लगाया है। युवती का आरोप है कि उसका प्रेम प्रसंग तीन वर्ष पूर्व गजरौला के गांव चैहड़पुर निवासी राहुल से हो गया था। दोनों एक ही नर्सिग होम में काम करते थे। दोनों साथ-साथ मेरठ के भोपाल विहार कालोनी में किराए के मकान में रहने लगे। आरोप है कि राहुल ने लिव इन रिलेशन में रहते हुए नर्स से शारीरिक संबंध बनाए। इस दौरान नर्स तीन बार गर्भवती भी हो गई। लेकिन, राहुल ने उसे समाज का वास्ता देकर गर्भपात करा दिया। इसके बाद जब नर्स ने उससे शादी का प्रस्ताव रखा तो उसने पहले तो बहाने बनाए। उसके बाद शादी से मना कर दिया।
इसके बाद युवक किसी अन्य युवती से शादी करने का प्रयास करने लगा। इस दौरान नर्स ने जब राहुल से शादी की बात की तो उसने उसके साथ मारपीट की। मारपीट के बाद राहुल ने नर्स को कमरे में बंद कर दिया। लेकिन, कुछ दिन बाद दोनों में फिर से सुलह हो गई। कुछ माह पूर्व राहुल ने उस नर्सिग होम में नौकरी छोड़ दी, जिसमें नर्स काम कर रही थी। इसी दौरान उसने दूसरे नर्सिग होम में नौकरी कर ली। नर्स का आरोप है कि 6 जनवरी को राहुल ने संभल निवासी एक युवती से सगाई कर ली। इसकी जानकारी जबनर्स को लगी तो वह राहुल के नर्सिग होम पहुंच गई और उससे इस बारे में जानकारी मांगी तो राहुल ने इस बारे में कुछ भी बताने से मना कर दिया।
इसके बाद राहुल की बेवफाई से नाराज युवती अपने परिजनों के साथ थाना भावनपुर पहुंची और आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और धोखाधड़ी की रिपोर्ट दर्ज करा दी। युवती की शिकायत के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी राहुल को गिरफतार कर लिया है। एसओ आशुतोष कुमार ने बताया कि युवती की शिकायत पर आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर जेल भेज दिया है।
Published on:
22 Jan 2018 09:36 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
