
मेरठ। मेरठ जिले में सट्टे की खाईबाड़ी जोरों पर है। खुलेआम कुछ प्रमुख क्षेत्रों में घरों में सट्टा चल रहा है। टीपी नगर, लिसाड़ी गेट और ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्रों में सट्टे का काम जोरों पर है। पुलिस ने छापा मारा तो एक मकान में सट्टे की पर्ची बनाई जा रही थी और वहां पर लगे बोर्ड में सट्टे के भाव लिखे हुए थे। जिस मकान में सट्टा चल रहा था, वहां से थाना टीपी नगर की पुलिस चौकी चंद कदम की दूरी पर है। पुलिस ने दो मकानों पर छापा मारकर दो दर्जन से ज्यादा सट्टेबाजों को गिरफ्तार किया है। इन्होंने पूछताछ में जो बताया, उससे पुलिस अफसर भी हैरत में हैं।
यह भी पढ़ेंः कालसर्प आैर मन की मजबूती के लिए वरदान पाने का दिन है महाशिवरात्रि पर्व
शिवपुरम में है बड़ा कारोबार
थाना टीपी नगर क्षेत्र के शिवपुरम में अवैध सट्टे का बड़ा कारोबार काफी दिनों से चल रहा है। रविवार को कुछ लोगों ने सीओ ब्रहमपुरी से मिलकर सट्टे माफियाओं की फुटेज दिखाई। सीओ ब्रहमपुरी आलोक भदौरिया ने तुरंत अपनी टीम बनाकर वहां छापेमारी की। जहां पर दो मकानों पर छापा मारा। छापेमारी से भगदड़ मच गई और सट्टा लगा रहे लोग दीवार फांदकर भागते नजर आए। कुछ लोगों को दीवार पर चढ़ने के दौरान चोटें भी आई। पुलिस की इस कार्रवाई में मौके से दो दर्जन से अधिक युवकों को पकड़ा है। मौके से सट्टे की पर्चियां और भारी मात्रा में नकदी बरामद हुर्इ है।
मेरठ में सट्टा, मुंबई से डील
पकड़े गए लोगों ने बताया कि सट्टे का काम भले ही मेरठ में होता हो, लेकिन इसकी पूरी माॅनिटरिंग मुंबई से होती है। यहां सट्टे से प्राप्त रुपयों का एक हिस्सा दूसरे दिन मुंबई से दिए गए बैंक एकाउंट में डालना होता है। पकड़े गए लोगों से पूछताछ जारी है। मुंबर्इ में यह सट्टा किंग कौन है आैर यहां के सट्टेबाजों से तार उससे किस तरह जुड़े हैं, पुलिस पूछताछ कर रही है। शहर के ब्रह्मपुरी, टीपी नगर आैर लिसाड़ी गेट में सबसे ज्यादा सट्टा खेला जाता है। पुलिस को इस बारे में पता नहीं हो, एेसा नहीं है। क्षेत्रीय लोगाें का कहना है कि सट्टेबाजी को लेकर पुलिस तभी छापे मारती है, जब इनके बीच तारतम्य बिगड़ता है। सीओ ब्रह्मपुरी ने कहा कि पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है। पता लगाया जा रहा है कि किसके संरक्षण में सट्टे का धंधा चल रहा है।
Published on:
11 Feb 2018, 7:49 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.