मामला थाना सरधना क्षेत्र का है। सोमवार सुबह एक सामूहिक दुष्कर्म का मामला सामने आया है। स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच पड़ताल की। पीडिता ने बताया कि उसकी मुजफ्फरनगर के थाना बुढाना क्षेत्र के एक गांव में उसकी ससुराल है। रविवार देर रात उसका ससुराल के घर से अपहरण कर लिया गया। अपहरण के बाद आरोपियों ने उसके साथ पूरी रात सामूहिक दुष्कर्म किया। इसके बाद उसे अटेरना पुल के पास गंगनहर में फेंक गए। किसी तरह वह बाहर निकली, पास में ही खेत में दो युवक काम कर रहे थे जिन्हें देखकर उसने आवाज लगाई। दोनों युवकों को उसने बताया कि, उसका अपहरण कर लिया गया था। इस दौरान पीड़िता ने आपबीती भी बताई। इसके बाद ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। घटना की जानकारी लगने पर सरधना कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और महिला को सीएचसी ले गई।