
बसपा के पूर्व विधायक और सपा नेता योगेश वर्मा पर गुंडा एक्ट की तैयारी
Meerut News: मेरठ के पूर्व विधायक और सपा नेता योगेश वर्मा पर गुंडा एक्ट लगाने की तैयारी की जा रही है। प्रशासन की तरफ से पुलिस के जरिये उन्हें कारण बताओ नोटिस भिजवाया गया है। अब इसका जवाब योगेश वर्मा को आज गुरुवार को एडीएम सिटी के यहां दाखिल करना है। चर्चा है कि योगेश वर्मा इस बार सपा के टिकट पर 2024 के लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारी कर रहे हैं। पूर्व विधायक योगेश वर्मा को समाजवादी पार्टी बिजनौर से टिकट दे सकती है। पूर्व विधायक योगेश वर्मा ने अपने ऊपर गुंडा एक्ट लगाए जाने को राजनैतिक साजिश करार दिया है।
डीएम मेरठ दीपक मीणा योगेश वर्मा पर गुंडा एक्ट लगाए जाने की पुष्टि की है। जानकारी के मुताबिक पुलिस ने करीब दो महीने पहले योगेश वर्मा पर गुंडा एक्ट की कार्रवाई शुरू की थी। जिसकी जिलाधिकारी के यहां रिपोर्ट भेजी गई थी। पिछले साल विधानसभा चुनाव में जब प्रत्याशियों का आपराधिक इतिहास जारी किया गया था, तब योगेश वर्मा पर 31 मुकदमे दिखाए गए थे।
इससे पहले पूर्व बसपा विधायक योगेश वर्मा की दौराला थाने में हिस्ट्रीशीट खुली थी। हालांकि कुछ दिनों बाद उसे बंद कर दिया गया था। बाद में फिर उसे खोला गया। पूर्व बसपा विधायक योगेश वर्मा बसपा के टिकट पर हस्तिनापुर से 2002 में चुनाव लड़े थे। 2007 में बसपा ने फिर उसी सीट से उन्हें उतारा और वह चुनाव जीत गए थे।
2017 में उनकी पत्नी बसपा के टिकट पर मेरठ नगर निगम से महापौर का चुनाव जीती थीं। इसके बाद योगेश वर्मा ने सपा का दामन थाम लिया। योगेश को 2022 में सपा ने हस्तिनापुर से टिकट दिया, लेकिन वो चुनाव हार गए थे। माना जा रहा है कि इस बार लोकसभा चुनाव 2024 में योगेश वर्मा पर समाजवादी पार्टी दांव खेलने की तैयारी में है।
Updated on:
03 Aug 2023 03:21 pm
Published on:
03 Aug 2023 03:21 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
