
जिस खंडहर कोठी में लोग जाते डरते थे, अंदर चल रहा था यह काम, पुलिस भी देखकर रह गर्इ दंग
मेरठ। जानीखुर्द थाना पुलिस को सिसौला खुर्द में एक खंडहरनुमा कोठी में कुछ अजीब से लोगों को घुसे होने की सूचना मिली। ग्रामीणों ने करीब एक दर्जन अज्ञात लोगों को खंडहरनुमा कोठी में दाखिल होते देखा। वैसे तो यह कोठी काले भूत की कोठी से प्रसिद्ध है, जहां पर जाने की हिम्मत कोई नहीं करता। इस कोठी के पास से शाम को पांच बजे के बाद कोई निकलता भी नहीं है। ग्रामीणों का कहना है कि वहां पर रात में तरह-तरह की आवाजें आती हैं। ऐसे में अज्ञात लोगों के कोठी के भीतर दाखिल होते देख ग्रामीणों को कोई अनहोनी की आशंका सताने लगी। इस पर ग्रामीणों ने पुलिस को फोन कर जानकारी दी। जिस पर पुलिस ने कोठी पर छापा मारा तो वहां पर डकैती की योजना बना रहे आठ बदमाशों को हथियारों के साथ गिरफ्तार किया है। इस दौरान बदमाशों की पुलिस से मुठभेड़ भी हुई।
यह भी पढ़ेंः सीएम योगी की पसंद के इस आईपीएस ने आते ही दिखाए एेसे तेवर कि एसी में बैठे थानेदारों को आ गया पसीना
मुठभेड़ के बाद आठ बदमाशों गिरफ्तार
जानी थाना प्रभारी प्रेमचन्द शर्मा के अनुसार ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस ने सिसौला खुर्द स्थित एक खंडहर नुमा कोठी में छापेमारी की। इस दौरान डकैती करने की तैयारी के लिए खड़े आठ बदमाशों ने पुलिस को देखकर भागने की कोशिश की, लेकिन सभी बदमाशों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार अभियुक्तों से पुलिस ने पांच तमंचे और दर्जनभर कारतूस बरामद किए है। पुलिस के अनुसार गिरफ्तार किए गए बदमाश शातिर किस्म के अपराधी हैं। इनमें से दो के विरुद्ध थाना सरधना व थाना सरूरपुर में हत्या तथा गोकशी के मुकदमें पंजीकृत हैं। पुलिस ने गिरफ्तार बदमाशों के खिलाफ मुकदमा कायम कर जेल भेज दिया है।
गिरफ्तार बदमाशों के नाम
पूछताछ में बदमाशों ने अपने नाम शौकीन पुत्र स्व. शाहिद अली, साबिर पुत्र स्व. इस्लामुद्दीन, नजाकत पुत्र शराफत, मुनव्वर पुत्र स्व. ताहर, असरफ पुत्र स्व. ताहर, जाहिद पुत्र स्व. मूसा निवासीगण सिसौला कला थाना जानीखुर्द, हनीफ पुत्र स्व. मुकीम निवासी खिवाई थाना सरूरपुर व निजामुद्दीन पुत्र मुम्त्याज निवासी ग्राम देहरा थाना धौलाना जनपद हापुड़ बताया।
Published on:
9 Sep 2018, 9:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.