
Video: Meerut Police ने 10 लाख रुपये लूटने वाले दो बदमाशों को Encounter में किया ढेर
मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जनपद की पुलिस ने गुरुवार रात को 9.90 लाख रुपये की लूट करने वाले दो बदमाशों को एनकाउंटर में ढेर कर दिया। दोनों बदमाशों के खिलाफ थाना पल्लवपुरम में कई मुकदमे दर्ज हैं। उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था। लूट के मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार भी किया गया है।
भराला गैंग से कराई थी लूट
8 जुलाई 2019 को सुबह रुड़की रोड पर कंपनी बाग के पास बाइक सवार बदमाशों ने निजी कलेक्शन एजेंसी के एजेंट से 9.90 लाख रुपये लूट लिए थे। विशाल मेगा मार्ट के कर्मचारी ने ही रेकी करके भराला गैंग से यह लूट कराई थी। पुलिस ने तीन आरोपियों को दबोचकर 50 हजार रुपये भी बरामद कर लिए थे। गुरुवार देर रात करीब 2.30 बजे पल्लवपुरम क्षेत्र में 9.90 लाख रुपये की लूट में शामिल बदमाश शकील और भूरा बाइक से आ रहे थे। पल्लवपुरम फेस-2 में पुलिस ने दोनों को रोकने का प्रयास किया तो उन्होंने पुलिस पर फायरिंग कर दी।
दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई
पुलिस ने भी अपने बचाव में फायरिंग शुरू कर दी। दोनों ओर से कई राउंड फायरिंग हुई। मुठभेड़ में बदमाश शकील और भूरा ढेर हो गए। मुठभेड़ में इंस्पेक्टर समेत तीन पुलिसकर्मी भी घायल हुए हैं। उनको अस्पताल में भर्ती कराया गया है। मारे गए दोनों बदमाश पल्लवपुरम थाने के हिस्ट्रीशीटर थे। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी हुई थी। बदमाशों के अन्य साथी फरार हैं। पुलिस उनकी तलाश में दबिश दे रही है। उन पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित था।
तीन को किया था गिरफ्तार
दरअसल, पुलिस ने गुरुवार को लूट में शामिल उमंग, नितिन निवासी भराला और शंभू निवासी पल्लवपुरम को गिरफ्तार किया था। तीनों से पूछताछ में पता चला था कि लूट को अंजाम देने का मास्टरमाइंट शकील निवासी पल्हैड़ा था। लूट में उसके साथ जाकिर कॉलोनी लिसाड़ी गेट निवासी भूरा भी था। इसके बाद पुलिस उनकी तलाश में जुट गई थी। गुरुवार देर रात को पुलिस ने मुठभेड़ में दोनों को मार गिराया।
Published on:
12 Jul 2019 03:50 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
