मेरठ. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मन की बात में एक बार फिर से मेरठ छा गया। इस बार मेरठ का नाम यहां की खाकी के कारण आया। पीएम ने मेरठ के उन पुलिसकर्मियों की तारीफ की जिन्होंने गत दिनों बेजुबान कुत्ते की जान बचाने के लिए जीजान लगा दी। इन पुलिसकर्मियों ने न केवल बेजुबान को वज्र वाहन से अस्पताल पहुंचाया, बल्कि उसको बढ़िया इलाज भी दिलवाया। बता दें कि इस खबर को पत्रिका ने प्रमुखता के साथ प्रकाशित किया था, जिसके बाद खाकी की यह दरियादिली मेरठ ही नहीं देश में चर्चा का कारण बनी। खाकी की यह दरियादिली गत रविवार को पीएम नरेंद्र मोदी के मन की बात में भी छा गई। प्रधानमंत्री ने ठंड के दिनों में आम लोगों, बेजुबानों को बचाने के लिए किए जा रहे प्रयासों की सराहना की।