उत्तराखंड में हो रही लगातार बारिश के बाद अब मेरठ, मुजफ्फरनगर और बिजनौर में बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है। मेरठ में गंगा का जल स्तर बढ़ने लगा है। बारिश से नाले भी जून में उफान मारने लगे हैं। मौसम का यही रुख अगले एक सप्ताह तक और बना रहा तो बाढ़ से हालात बेकाबू हो सकते हैं। हालांकि, मौसम विभाग ने आने वाले तीन दिनों में मौसम साफ रहने की संभावना जताई है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में मौसम का रुख और भी बेहतर होगा और सक्रिय मानसून से कुछ राहत भी मिलेगी। बारिश का दौर आगे भी जारी रहने से इस बार किसानों को भी अच्छी फसल की उम्मीद जागी है।