
Monsoon 2021: मेरठ और एनसीआर में बुधवार सुबह की शुरुआत झमाझम बारिश से हुई। इससे पिछले कई दिनों से गर्मी और उमस से परेशान मेरठ वासियों को राहत मिली। मंगलवार को काले बादल होने के बाद भी पूरे दिन उमस भरी गर्मी से लोग परेशान रहे। हालांकि मंगलवार की सुबह बादलों की मेहरबानी से हुई बारिश ने वेस्ट के लोगों को गर्मी और उमस से राहत दी थी। मॉनसून इस साल मेरठ और एनसीआर में देर से आया और अबतक काफी कम बारिश हुई है, लेकिन आज सुबह से ही बादलों का डेरा है और मौसम विभाग ने बताया है कि अगले दो दिन तक रूक-रूककर झमाझम बारिश का दौर जारी रहेगा।
गर्मी और उमस से मिली राहत
सुबह से तेज हवाओं के साथ बारिश जारी है। इससे जहां गर्मी और उमस से राहत मिली है, वहीं कई इलाकों में जलभराव हो गया है और कई जगहों पर काफी देर से लाइट नहीं है। मौसम विभाग ने बताया है कि मेरठ-एनसीआर में अभी कुछ दिन और बारिश का क्रम जारी रहेगा।
कई सड़कों पर हुआ जलभराव
बताया जा रहा है कि मेरठ सहित वेस्ट के जिलों और एनसीआर में तड़के सुबह 4 बजे से तेज बारिश हो रही है। मेरठ के कई हिस्सों और पुराने इलाकों में तेज बारिश के कारण सड़कों पर जलभराव हो गया है। जलभराव से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इससे पहले मौसम विभाग ने पूर्वानुमान किया था कि बुधवार को सुबह से लेकर पूरे दिन में कई बार रूक-रुककर बारिश हो सकती है। इस दौरान अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस एवं न्यूनतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।
दो दिन तक रहेगा बारिश का मौसम
मौसम विभाग का अनुमान है कि पूरे सप्ताह बारिश का क्रम जारी रह सकता है। खासतौर पर बुधवार और गुरुवार को भारी बारिश हो सकती है। जबकि, अन्य दिनों में हल्की से मध्यम स्तर की बरसात होने की संभावना है। इसके चलते लोगों को गर्मी से राहत रहेगी।
साफ हुई मेरठ की हवा
वहीं, मौसम की अलग-अलग गतिविधियों के चलते मेरठ की हवा लगातार साफ-सुथरी बनी हुई है। प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के मुताबिक बुधवार को आज मेरठ का औसत वायु गुणवत्ता सूचकांक 34 के अंक पर रहा। इस स्तर की हवा को संतोषजनक श्रेणी में रखा जाता है।
BY: KP Tripathi
Published on:
1 Sep 2021, 9:01 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.