
मेरठ. उमस भरी गर्मी से परेशान लोगों का शुक्रवार सुबह हुई अचानक बारिश ने बड़ी राहत दी है। हालांकि बारिश ने एक बार फिर महानगर में प्रशासन की पोल खोल दी। कुछ ही देर की बारिश के चलते कई जगह जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो गई। बारिश की वजह से मौसम हल्का ठंडा हो गया। मौसम विभाग की मानें तो पश्चिमी उत्तर प्रदेश में मानसून तो आ चुका है, लेकिन इसके कमजोर पड़ने के कारण लगातार बारिश नहीं हो रही है। मौसम वैज्ञानिकों ने दो दिन बाद यानी रविवार को तेज बारिश का अनुमान जताया है। वेस्ट यूपी में मानसून अगस्त की शुरुआत में पूरी तरह सक्रिय होगा। हालांकि बीच-बीच में हल्की बारिश जरूर होगी।
बता दें कि वेस्ट यूपी में पिछले कई दिनों से उमस भरी गर्मी लोगों को परेशान कर रही है। शुक्रवार की सुबह भी कुछ इसी तरह के हालात थे। मेरठ में अचानक करीब 11 बजे आसमान को काले बादलों ने घेर लिया। इसके बाद तेज बारिश के साथ बारिश शुरू हो गई। कुछ स्थानों पर थोड़ी देर हल्की बूंदाबांदी भी हुई। करीब आधा घंटे तक बारिश और बूंदाबांदी चलती रही। अचानक हुई बारिश के बाद लोगों ने राहत की सांस ली।
मोदीपुरम कृषि विश्वविद्यालय स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के डॉ. एन सुभाष ने बताया कि मेरठ और आसपास के जिलों में मानसून धीरे धीरे रफ्तार पकड़ रहा है। दो दिन पूर्व भी इन क्षेत्रों में बारिश हुई थी। मेरठ और आसपास के जिलों में शुक्रवार को मौसम सुहाना बना रहा। उन्होंने बताया कि कम दाब का क्षेत्र बनने के चलते इस बार मानसून पूरी तरह सक्रिय नहीं हो पा रहा है। उन्होंने रविवार को तेज बारिश का अनुमान जताया है। उन्होंने कहा कि वेस्ट यूपी में फिलहाल मानसून कमजोर है। अगस्त की शुरुआत में मानसून रफ्तार पकड़ेगा, जिसके बाद वेस्ट यूपी में लगातार जोरदार बारिश होगी।
Published on:
17 Jul 2020 01:03 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
