
इस नेशनल हाइवे पर इन नौ दिन नहीं चल पाएंगे भारी वाहन, इसके पीछे है यह खास वजह
मेरठ। एनएच-58 पर नौ दिनों के लिए भारी वाहनों का प्रवेश वर्जित रहेगा। इसी दौरान चार दिन के लिए सभी वाहनों का रूट डायवर्जन रहेगा। अफसरों ने रूट डायवर्जन का प्लान बनाना भी शुरू कर दिया है। इन नौ दिनों में भारी ट्रैफिक को दूसरे जनपद से निकालने की तैयारी की जा रही है।
कांवड़ यात्रा के लिए एक अगस्त से भारी वाहन बंद
उत्तर भारत के सबसे बड़ी कांवड़ यात्रा की तैयारी में पश्चिम उप्र के जिलों का प्रशासनिक अमला जुट गया है। प्रदेश में भाजपा सरकार होने के कारण अधिकारियों को इसे और सुखद और शांतिपूर्ण तरीके से सम्पन्न कराना किसी चुनौती से कम नहीं है। हालांकि कांवड़ यात्रा शुरू होने में अभी एक माह का समय है, लेकिन उसकी तैयारी में मेरठ का प्रशासनिक अमला अभी से जुट गया है। इस कड़ी में पहली बार मेरठ में कांवड़ यात्रा सेल का गठन किया गया है। सावन शिवरात्रि नौ अगस्त की है आैर इस दिन कांवड़िए शिवालयों पर जलाभिषेक करते हैं।
नौ अगस्त की मध्यरात्रि तक बंद रहेगा हाइवे
सावन की शिवरात्रि के दौरान होने वाली कांवड़ यात्रा यूपी, उत्तराखंड, दिल्ली और हरियाणा राज्यों को प्रभावित करती है। दिल्ली-देहरादून हाइवे इससे सर्वाधिक प्रभावित होता है। इसलिए इस बाद यह हाइवे कांवड़ यात्रा के दौरान एक अगस्त से बंद कर दिया जाएगा और नौ अगस्त की मध्य रात्रि तक बंद रहेगा। इस दौरान हाइवे पर सभी प्रकार बड़े वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। एसएसपी राजेश कुमार पांडे के अनुसार श्रावण शिवरात्रि को लेकर यातायात रूट डायवर्जन का प्लान तैयार करने के लिए यातायात विभाग को निर्देश दिया गया है। एसपी टैफिक संजीव वाजपेयी ने बताया कि एक अगस्त से एनएच-58 वनवे व्यवस्था लागू होगी। जिसमें एक तरफ कांवड़ चलेगी तो दूसरी तरफ हल्के वाहन चलेंगे, लेकिन पांच अगस्त से हल्के चार पहिया वाहनों को डायवर्ट कर हाइवे को पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।
कांवड़ियों की संख्या बढ़ने का अनुमान
एसएसपी राजेश कुमार ने बताया कि इस वर्ष कांवड़ियों की संख्या पिछले वर्ष की अपेक्षा अधिक होने का अनुमान है। ऐसी रिपोर्ट उत्तरांचल सरकार के पास है। वहीं एलआईयू की रिपोर्ट भी बता रही है कि इस बार शिवरात्रि पर कांवड़ियों की संख्या अधिक होगी।
उत्तरांचल और यूपी के अधिकारियों की बैठक होगी
कांवड़ यात्रा की तैयारी को लेकर जल्द ही उत्तरांचल और यूपी के अधिकारियों के बीच बैठक होगी। इस बैठक में अब तक की हुई तैयारी की समीक्षा की जाएगी। यह बैठक हरिद्वार या देहरादून में जल्द ही होगी। जिसमें दिल्ली, यूपी, हरियाणा और उत्तरांचल के अधिकारी शामिल होेंगे।
Published on:
30 Jun 2018, 5:04 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.