
मेरठ। जिले में कोरोना संक्रमण से मरने वालों का सिलसिला जारी है। मंगलवार की देर रात मेडिकल कॉलेज में भर्ती एक व्यक्ति ने दम तोड़ दिया। बुधवार को आई उसकी रिपोर्ट में कोरोना वायरस की पुष्टि हुई है। मेरठ में कोरोना के कारण यह नौवीं मौत है। अब स्वास्थ्य विभाग मृतक के परिजनों को क्वारेंटाइन करते हुए सैंपल जांच के लिए भेजा रहा है।
54 वर्षीय राजेश बेगमपुल का रहने वाला था। वह बीती चार मई को कोविड अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उसको जुखाम और तेज बुखार के अलावा सांस लेने में तकलीफ थी। इसी बीच मंगलवार की रात को उसकी मौत हो गई। स्वास्थ्य विभाग ने उसके शव को सुरक्षित रखते हुए सैंपल जांच के लिए भेजा था। बुधवार को व्यक्ति की कोरोना टेस्ट रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। इसी के साथ जहां यह जिले में कोरोना से होने वाली नौंवी मौत है। मेडिकल कॉलेज के प्रिंसिपल डा. आरसी गुप्ता ने इसकी पुष्टि की है। जिले में कोरोना से यह नौंवी मौत है, इससे पहले सबसे कम उम्र 30 साल के व्यक्ति की मौत भी कोरोना से हो चुकी है।
स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों के मुताबिक शव को कोरोना प्रोटोकॉल के तहत तीन लेयर के बॉडी कवर में पैक करते हुए परिजनों को सौंप दिया गया है। उल्लेखनीय है कि अब तक जिले में कोरोना से नौ मौत हुई हैं। मगर सभी मृतक 50 से अधिक वर्ष के और किसी न किसी अन्य बीमारी से ग्रसित थे। जिला सर्विलांस अधिकारी डॉ. विश्वास चौधरी का कहना है कि मृतक के परिजनों को क्वारेंटाइन करके उनके सैंपल जांच के लिए भेजे जा रहे हैं। मृतक के संपर्क में आने वाले व्यक्तियों की सूची भी बनाई जा रही है।
Published on:
06 May 2020 01:54 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
