सीएए को लेकर वेस्ट यूपी में जमकर विरोध हुआ है। इसमें मेरठ, मुजफ्फरनगर, बुलंदहशर, मुरादाबाद, रामपुर, संभल समेत वेस्ट यूपी के कई जनपदों में विरोध के दौरान बवाल देखा गया है। इसके जरिए विपक्षी दलों ने भाजपा सरकार पर हमला किया है। इन हमलों का जवाब देने के लिए भाजपा की ओर से वेस्ट यूपी में बड़ी रैली के आयोजन का प्लान है। इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोगों को संबोधित करेंगे और नागरिक संशोधन कानून को लेकर लोगों की भ्रांतियां दूर करेंगे। दरअसल, वेस्ट यूपी में मुस्लिमों की बड़ी आबादी है। विपक्षी दल इस मामले को लेकर सरकार पर हमले बोल रहे हैं, इससे भाजपा थिंक टैंक जवाब देने की तैयारी में जुट गया है। पार्टी ने मुस्लिमों का भरोसा जीतने के लिए सांसदों, विधायकों एवं संगठन को नागरिकता कानून पर भ्रम को दूर करने के लिए कहा है। अल्पसंख्यक मोर्चे के जरिए बड़ी संख्या में मुस्लिम समाज के लोगों को बुलाने की भी योजना है।