पहले गणतंत्र दिवस पर शहर में अलग माहौल था। गांधी आश्रम से बच्चा पार्क स्थित प्यारेलाल शर्मा स्मारक तक प्रभात फेरी निकाली गई। इसमें हर धर्म, हर वर्ग के लोग शामिल हुए। सुबह सात बजे यहां झंडारोहण के बाद सभी लोग एक-दूसरे से मिले। इसमें पंडित गौरी शंकर, प्रकाशवती सूद, जगदीश शरण रस्तोगी, शांति त्यागी कैलाश प्रकाश, रतनलाल गर्ग, कमला चौधरी, मुसद्दीलाल, आचार्य दीपांकर, रामस्वरूप शर्मा समेत कई सम्मानित लोग शामिल हुए। शहर में कई जगह तोरण द्वार बनाए गए थे और रैलियां निकाली गई थी। बच्चों ने स्कूलों में अनेक देशभक्ति व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, यह परंपरा आज तक कायम है। उस दिन पूरे शहर में सजावट की गई थी। इतिहासकार डा. केडी शर्मा का कहना है कि स्वतंत्रता दिवस के मुकाबले पहले गणतंत्र दिवस पर ज्यादा हर्षोल्लास देखा गया था, पूरे शहर को दुल्हन की तरह सजाया गया था और अनेक कार्यक्रम आयोजित किए गए थे।