
मेरठ। कोरोना वायरस के खात्मे के लिये चल रहे लॉकडाउन के बीच परिषदीय विद्यालयों में भी बच्चों की ऑनलाइन पढ़ाई का सिलसिला शुरू हो गया है। संसाधनों की कमी के बावजूद कुछ शिक्षक, शिक्षिकाओं ने घर से ही शिक्षण कार्य शुरु कर दिया है। लॉकडाउन के दौरान प्राइवेट स्कूलों में ऑनलाइन पढ़ाई की प्रक्रिया जारी है। बेसिक शिक्षा परिषद ने भी परिषदीय स्कूलों में पढऩे वाले बच्चों के लिए इसकी व्यवस्था कर दी है।
शेड्यूल से हो रही है पढ़ाई
राज्य शिक्षक पुरस्कार से सम्मानित प्राथमिक विद्यालय, कमालपुर की शिक्षिका यतिका पुंडीर व सहायक शिक्षिका सहबा जमाल अपने स्कूल के बच्चों को घर से वाट्सऐप ग्रुप पर पढ़ाई करा रही हैं। घर से ही सभी बच्चों को होमवर्क भी दिया जा रहा है। बच्चे अपना काम पूरा करके इसे वाट्सऐप पर ही भेजते हैं। बच्चों के काम में कोई त्रुटि मिलती है तो मूल्यांकन के बाद वाट्सऐप पर उनकी कमी बताई जाती है और अगले दिन का गृह कार्य दिया जाता है। इसके लिए शेड्यूल बनाया हुआ है और एक दिन में एक ही विषय पर फोकस किया जाता है।
वीडियो कॉल, वायस मैसेज भी
वह बच्चों से सीधा कांटेक्ट बनाने के लिए वीडियो कॉल का भी सहारा लेती हैं। चीजों को सरल बनाने के लिए वायस मेसेज का भी प्रयोग किया जा रहा है। बच्चों को भी यह चीजें आसानी से समझ आ रही हैं।
ऐसे बन रही कार्य योजना
कार्य योजना के तहत शिक्षिका पहले किसी विषय की वीडियो बनाती हैं। इसे वाट्सऐप ग्रुप पर बच्चों को भेज दिया जाता है। बच्चे इसे समझकर काम पूरा करके भेज रहे हैं। इस व्यवस्था में वह लैपटॉप और टीवी का भी प्रयोग करती हैं। कुछ पाठ्य सामग्री उनकी पेन ड्राइव में भी है, जिसे लैपटॉप के जरिये बच्चों को दिखाया जाता है।
Published on:
11 Apr 2020, 6:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.