
मेरठ. थाना खरखौदा क्षेत्र के हापुड़ रोड स्थित एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत सेल्समैन को दबंग युवकों ने दौड़ा-दौड़ाकर पीटा है। करीब 10 मिनट तक दबंगों ने लाठी-डंडे के बल पर पेट्रोल पंप पर जमकर आतंक मचाया। पंप कर्मी अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागते रहे और लाठी-डंडों से लैस युवक उनको पीटते रहे। मारपीट करने वाले युवक कुछ देर बाद बाइक में बैठकर भाग गए। पेट्रोल पंप के मैनेजर ने बिजली बंबा पुलिस चौकी में तहरीर दी है।
पंप के मैनेजर मोहित सांगवान ने बिजली बंबा चौकी पर तहरीर देते हुए बताया कि गुरुवार दोपहर 12.45 बजे काले रंग की स्पलेंडर बाइक पर दो लोग तेल डलवाने के लिए आए और दूसरी तरफ से आकर सेल्समैन से जबरदस्ती पेट्रोल डालने को कहने लगे। सेल्समैन ने लाइन में आकर तेल डलवाने के लिए कहा तो बाइक सवार युवक पेट्रोल पंप सेल्समैन से गाली-गलौज करने लगे।
कुछ देर बाद ही वे अपने 10-12 साथियों को लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंचे। सभी ने आते ही सेल्समैनों पर लाठी-डंडों से हमला बोलते हुए तोड़फोड़ शुरू कर दी, जिसमें दो सेल्समैन गंभीर रूप से घायल हो गए। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। मोहित ने बताया कि सीसीटीवी कैमरे में जिन लोगों की पहचान हुई है वह ग्राम घोसीपुर के रहने वाले हैं।
Published on:
13 Nov 2020, 12:11 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.