शासन की वीडियो कांफ्रेंसिंग के दौरान कमिश्नर अनीता सी. मेश्रम, डीएम अनिल ढींगरा समेत स्वास्थ्य व अन्य विभागों के मंडलीय अधिकारियों ने गहनता से कोरोना से निपटने के लिए विचार-विमर्श कर पूरी रणनीति बनाई है। कमिश्नर गाजियाबाद, नोएडा और मेरठ समेत पूरे मंडल में कोरोना का अपडेट मुख्य सचिव को भेज रही हैं। वहीं वीडियो कांफ्रेंसिंग में शामिल अधिकारियों के मुताबिक मुख्य सचिव ने कहा कि दिल्ली से सटा होने के कारण एनसीआर में देश-विदेश से लोगों का आवागमन रहता है। लिहाजा सफाई और आमजन को जागरूक करने की आवश्यकता है। सभी जनपदों में आइसोलेशन वार्ड तैयार रखे जाएं। सार्वजनिक स्थानों, मॉल, सिनेमा हॉल, रेस्टोरेंट, होटल आदि में दरवाजों के हैंडल व मानव संपर्क में आने वाले सभी स्थानों को सेनेटाइज करा सोडियम क्लोराइड से सफाई कराएं।