मेरठ। बागपत से फतेहगढ़ जेल शिफ्टिंग के समय मेरठ कैंट में लालकुर्ती थाने के सामने सुनील राठी की गाड़ी रुकने का मामला साफ होता जा रहा है। सूत्रों की मानें तो बागपत जेल में कुख्यात मुन्ना बजरंगी की हत्या के आरोपित सुनील राठी को मेरठ कैंट इलाके में एक हिस्ट्रीशीटर से मिलना था। मुलाकात पहले ही तय हो गई थी और राठी की गाड़ी की लोकेशन भी हिस्ट्रीशीटर को बराबर मिल रही थी, लेकिन ऐन मौके पर यह हिस्ट्रीशीटर राठी के पास तक नहीं पहुंच पाया और पुलिस की टीम दो मिनट लालकुर्ती के सामने राठी के वाहन को रोककर वहां से लेकर निकल गई। सूत्रों के अनुसार इस हिस्ट्रीशीटर को एक बैग भी लेकर आना था। दो मिनट तक गाड़ी रोककर हिस्ट्रीशीटर का इंतजार किया गया, लेकिन जब वह नहीं पहुंचा तो गाड़ी आगे चल दी। लोगों का कहना है कि सुनील राठी का वाहन जाने के बाद हिस्ट्रीशीटर वहां पहुंचा, लेकिन कोई वाहन न देखकर वह लौट गया।