महानगर में पुलिस की सभी सुरक्षा व्यवस्था को धता बताते हुए बदमाशों ने एक ही थाना क्षेत्र में लूट की तीन वारदातों को अंजाम दे डाला। बदमाशों ने जिस थाना क्षेत्र में लूट की इन वारदातों को अंजाम दिया, वह थाना क्षेत्र टीपी नगर है। लूट की पहली वारदात मंगलवार सुबह घटित हुई। थाना टीपी नगर क्षेत्र के किशनपुरा मोहल्ले में बाइक सवार दो बदमाशों ने टहलने निकली महिला से चाकू की नोक पर कुंडल छीन लिए। कुंडल छीनने के दौरान महिला सड़क पर गिर गई और उसके चोंटे भी आई। महिला ने कुंडल छीने जाने के बाद काफी शोर मचाया, लेकिन उसकी मदद को कोई नहीं आया। काफी देर तक महिला सड़क के किनारे ही बैठी रही। राह चलते लोगों को जब घटना के बारे में जानकारी लगी तो लोगों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी। लेकिन थाना पुलिस की कोई गाड़ी मौके पर नहीं पहुंची।