
UPTET 2018: आवेदन करने वालों के लिए खुशखबरी, अब इस तारीख तक भर सकेंगे फार्म
मेरठ। अगर आप उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा का आवेदन नहीं कर पाए हैं तो उसके लिए परेशान होने या मायूस होने की जरूरत नहीं है। अब यूपी शिक्षा बोर्ड ने आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ा दी है। शिक्षक पात्रता परीक्षा 2018 के लिए आवेदन कर रहे लोग उसकी वेबसाइट के न खुलने या फिर नेट की स्पीड काफी स्लो होने के कारण फार्म भरने से वंचित रह गए थे। जिसकी शिकायत लोगों ने शिक्षा बोर्ड को भी की थी। शिक्षा विभाग की पहल पर इसकी अंतिम तिथि बढ़ा दी गई।
सात अक्टूबर तक कर सकेंगे आवेदन
पिछले कई दिनों से टीईटी की वेबसाइट में तकनीकी खामियों के चलते परेशानियां आ रही थी। जिस कारण लोग फार्म नहीं भर पा रहे थे। इसी परेशानी के कारण विभाग ने आवेदन की आखिरी तिथि बढ़ाने का फैसला लिया है। अब उम्मीदवार सात अक्टूबर तक ऑनलाइन तक आवेदन कर सकेंगे। जबकि आठ अक्टूबर तक फीस जमा करा सकेंगे।
ये थी पहले अंतिम तिथि
इस पहले UPTET 2018 की समय सारिणी के अनुसार ऑनलाइन ररिस्ट्रेशन की आखिरी तारीख चार अक्टूबर थी और पांच अक्टूबर तक आवेदन शुल्क लिया जाना था, लेकिन चार अक्टूबर तक अधिकांश अभ्यार्थी वेबसाइट की दिक्कतों के चलते फार्म नहीं भर सके थे। बोर्ड की वेबसाइट में लगातार तकनीकी परेशानी आ रही थी। जिस कारण फार्म भरने वाले अभ्यार्थियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। मेरठ जिले में ही करीब 10 हजार से अधिक अभ्यर्थी चार अक्टूबर तक आनलाइन आवेदन नहीं भर पाए थे।
सोशल मीडिया पर चली मुहिम
फार्म नहीं भर पाने और वेबसाइट में दिक्कत के कारण लोगों ने अपने दर्द को सोशल मीडिया पर साझा किया। लोगों ने इसको प्रदेश के शिक्षा मंत्री और यूपी सीएम के टवीट एकाउंट पर भी शेयर किया। जिसके कारण लोगों को उम्मीद थी कि उन्हें फार्म भरने के लिये अतिरिक्त समय मिलेगा। सोशल मीडिया पर दर्द बयां करते ही बीती मंगलवार को वेबसाइट चलने लगी थी और इसके बाद इसकी तिथि बढ़ाने पर भी विचार किया जाने लगा था। जिसे आगे बढ़ा भी दिया गया। मंगलवार शाम से यूपीटीईटी की अधिकृत वेबसाइट ने काम करना शुरू कर दिया था, लेकिन फिर भी बीच में हैंग हो जाती थी। दूसरे दिन भी वेबसाइट पर यहीं परेशानी अभ्यार्थियों को उठानी पड़ी।
Published on:
5 Oct 2018, 5:18 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.